
रिपोर्ट : रजत गुप्ता
जसवंतनगर/इटावा। थाना क्षेत्र के ग्राम कैस्त निवासी 33 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों के चलते जयपुर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। शुक्रवार को जब मृतक का शव उसके पैतृक गांव पहुंचा तो पूरे गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक की पहचान दीपक पुत्र जवर सिंह पाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दीपक जयपुर के बहरोड़ क्षेत्र में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। उसकी पत्नी रेखा भी उसी कंपनी में कार्यरत है। गुरुवार की शाम दीपक घर पर अकेला था, जबकि उसकी पत्नी और दोनों बच्चे आरोही व दक्ष बाजार गए हुए थे। इसी दौरान करीब चार बजे दीपक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी पड़ोसियों को होने पर उन्होंने तुरंत दीपक की पत्नी को सूचना दी। इसके बाद बहरोड़ पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
शुक्रवार शाम जैसे ही दीपक का शव गांव कैस्त पहुंचा, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक दो भाइयों में बड़ा था, जबकि उसका छोटा भाई रोहित है। परिजन आत्महत्या के कारणों को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।