चंदौली में भाजपा बूथ अध्यक्ष पर फायरिंग, बैग से कैश लूटकर भागे बदमाश

रिपोर्ट / प्रवेश सिंह, बनारस

डीडीयू नगर। अलीनगर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव मार्ग पर गुरुवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने आभूषण व्यवसायी को गोली मारकर घायल कर दिया और बैग से नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घायल व्यवसायी को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार मनोहरपुर गांव निवासी एवं भाजपा बूथ अध्यक्ष सुजीत कुमार गोधना मोड़ पर आभूषण की दुकान चलाते हैं। गुरुवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव जाने वाले रास्ते पर पहुंचे, तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली सुजीत के बाएं हाथ में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े।

इसी दौरान उनका पुत्र अरुण साइकिल से मौके पर पहुंच गया। पिता-पुत्र ने बदमाशों का विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में गुत्थम-गुत्थी होने लगी। इसी बीच बदमाश सुजीत के पिट्ठू बैग से नकदी निकालकर मौके से फरार हो गए।

घटना के दौरान बदमाशों का एक मोबाइल मौके पर गिर गया, जिसे ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया है। फायरिंग की सूचना मिलते ही इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ मौके पर जुट गई।

सूचना पर क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह एवं अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ बदमाशों की तलाश में जुटी है।

लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है।

ब्यूरो रिपोर्ट / प्रवेश सिंह