पाकिस्तान मुर्दाबाद, भारत माता की जय से गूंज उठा जैदपुर

जैदपुर, बाराबंकी।
पाकिस्तान मुर्दाबाद, भारत माता की जय और भारत जिंदाबाद के नारों के बीच शुक्रवार को हरख ब्लॉक क्षेत्र में ऑपरेशन सिंदूर विजय की सफलता पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा विकास खंड हरख की ग्राम पंचायत हरख स्थित स्वतंत्रता सैनानी गेट से प्रारंभ होकर ब्लॉक परिसर स्थित स्वतंत्रता सैनानी पार्क तक निकाली गई।

ब्लॉक प्रमुख रवि रावत के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में प्रधान प्रतिनिधि चट्टान सिंह वर्मा, मंडल अध्यक्ष सरिता वर्मा, रामबिलास वर्मा, प्रमोद गोस्वामी, हरिमोहन शुक्ला सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा करीब एक किलोमीटर तक पैदल चलकर स्वतंत्रता सेनानी पार्क पर जाकर समाप्त हुई, जहां सभी ने तिरंगे को नमन किया और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर गर्व जताया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रवि रावत ने कहा, “हम सबको गर्व है कि भारत की दो बेटियों ने दुश्मनों को उनकी औकात दिखा दी। यह सिर्फ एक सैन्य विजय नहीं, बल्कि भारत की नारी शक्ति की विजय भी है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से दुनिया को यह संदेश गया है कि भारत अब किसी से पीछे नहीं है।”

उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा केवल खुशी का इजहार नहीं, बल्कि यह संकल्प भी है कि हम सभी देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए हर मोर्चे पर खड़े रहेंगे।