
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को बसपा सुप्रीमो मायावती की अध्यक्षता में लखनऊ के माल एवेन्यू स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर अहम बैठक शुरू हुई।
बैठक में प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिला अध्यक्षों के साथ प्रदेशभर के पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए हैं। इस दौरान बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल और राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा भी मौजूद हैं।
बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना है। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के संभावित उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है।
मायावती बैठक में सर्वसमाज के बीच पार्टी का जनाधार बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा करेंगी। माना जा रहा है कि पिछले दिनों संगठन को लेकर दिए गए दिशा-निर्देशों के क्रियान्वयन की समीक्षा के साथ जिला स्तर पर पार्टी की सक्रियता और चुनावी तैयारियों का आकलन किया जाएगा।
बैठक के दौरान मायावती पदाधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट लेंगी और आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को लेकर नए दिशा-निर्देश देंगी। बसपा की इस बैठक को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।