सम्पूर्णनगर-खीरी।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की किसान पंचायत पलिया विकासखंड क्षेत्र के मझरा पश्चिम ग्राम पंचायत के प्रताप नगर में आयोजित की गई। पंचायत की अध्यक्षता यूनियन के जिला अध्यक्ष कुलवंत सिंह जोशन ने की। इस दौरान दूर-दराज से आए किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में यूनियन के पदाधिकारियों ने किसानों को जागरूक करते हुए कहा कि जब तक किसान अपनी लड़ाई खुद नहीं लड़ेंगे, तब तक उनकी समस्याएं दूर नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि हर विभाग में भ्रष्टाचार फैला हुआ है और यदि किसान सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी नहीं रखेंगे, तो वे उनका लाभ नहीं उठा पाएंगे।
जिला अध्यक्ष कुलवंत सिंह जोशन ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि अधिकांश योजनाएं ब्लॉक स्तर पर उपलब्ध होती हैं, इसलिए किसानों को खुद ब्लॉक जाकर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करनी चाहिए। यदि कोई अधिकारी जानकारी देने में आनाकानी करता है, तो किसानों को संगठित होकर ब्लॉक पहुंचकर जवाब मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था किसानों के योगदान से चल रही है और उनके अधिकारों की रक्षा करना जरूरी है।
पंचायत में गांव की विभिन्न समस्याओं जैसे सड़क, नाली, खड़ंजा, आवास, शौचालय, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, विकलांग पेंशन आदि पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा, कई किसानों को यूनियन की सदस्यता दिलाई गई और नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई।
इस अवसर पर यूनियन के जिला उपाध्यक्ष धर्मेश सक्सेना, पीलीभीत जिला सचिव कपिल यादव, खीरी जिला सचिव रामकृपाल यादव, सचिन यादव, स्वामी दयाल गुप्ता, विनोद कुमार, रमाशंकर, पूर्व ग्राम प्रधान अमरीक सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और महिला किसान मौजूद रहे।