
कासगंज। जनपद के गंजडुंडवारा क्षेत्र में अवैध क्लीनिकों और अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ विभिन्न गांवों में छापेमारी कर चार अवैध क्लीनिकों को सील कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना डिग्री और पंजीकरण के क्लीनिक संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया। कई संचालक अपने क्लीनिकों के शटर बंद कर मौके से फरार हो गए।
शनिवार को नोडल अधिकारी डॉ. मदन कुमार और चिकित्सा अधिकारी डॉ. आकाश सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय पुलिस बल के साथ संयुक्त अभियान चलाया। टीम ने सबसे पहले ग्राम बहोटा में छापेमारी की। यहां संचालित ‘नीलकंठ महादेव क्लीनिक’ को सील कर दिया गया। जांच के दौरान सामने आया कि सहदेव नाम का व्यक्ति बिना किसी वैध मेडिकल डिग्री और पंजीकरण के क्लीनिक का संचालन कर रहा था। खास बात यह है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले भी स्वास्थ्य विभाग इसी संचालक के क्लीनिक को सील कर चुका है।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ग्राम म्याऊं पहुंची, जहां बिना वैध डिग्री और पंजीकरण के क्लीनिक संचालित करने वाले नबी आलम के क्लीनिक को सील कर दिया गया। अभियान के अगले चरण में ग्राम नरदोली में छापेमारी की गई। यहां भी अवैध रूप से संचालित दो क्लीनिकों पर सील लगाने की कार्रवाई की गई। इस तरह एक ही दिन में चार अवैध क्लीनिकों पर विभाग ने कार्रवाई की।
नोडल अधिकारी डॉ. मदन कुमार ने बताया कि क्षेत्र में बिना वैध डिग्री और पंजीकरण के क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ के निर्देश पर टीम गठित कर छापेमारी की गई।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना आवश्यक योग्यता और पंजीकरण के चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध क्लीनिक संचालकों के बीच खलबली है।