संगठनात्मक मंथन और बूथ स्तर तक मजबूत संगठन के दम पर उत्तर प्रदेश में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार : कु. ऋषि राज सिंह

रिपोर्ट -बलराम चौधरी

गोवर्धन विधानसभा में जनसंपर्क अभियान तेज, प्रतिदिन आधा दर्जन गांवों में पहुंचकर लोगों से कर रहे संवाद; पार्टी के मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से भी साध रहे संपर्क

मथुरा। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। भारतीय जनता पार्टी में भी चुनावी तैयारियों और संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू हो गई है। इसी क्रम में मथुरा जनपद की 83 गोवर्धन विधानसभा सीट से भाजपा की टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे अवागढ़ राजपरिवार के कु. ऋषि राज सिंह ने क्षेत्र में अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। वह गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद करने के साथ ही पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में जुटे हैं।

कु. ऋषि राज सिंह का जोर विशेष रूप से बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने पर है। इसके लिए वह क्षेत्र के सामाजिक कार्यक्रमों में लगातार भागीदारी कर रहे हैं और भाजपा के मंडल अध्यक्षों, स्थानीय पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं से संपर्क स्थापित कर रहे हैं। उनकी कोशिश है कि चुनाव से पहले पार्टी का संगठन जमीनी स्तर पर पूरी मजबूती के साथ सक्रिय हो और केंद्र तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचने के साथ उनकी जानकारी भी जन-जन तक पहुंचे।

संगठनात्मक मंथन और बूथ स्तर तक मजबूत संगठन के दम पर उत्तर प्रदेश में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार : कु. ऋषि राज सिंह

ऋषि राज सिंह प्रतिदिन गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गांवों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। इस दौरान वह स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनने, सामाजिक विषयों पर चर्चा करने और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर संवाद करने को प्राथमिकता दे रहे हैं। हाल ही में उन्होंने बेरी गांव में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शिरकत की। यहां उपस्थित लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा नीतियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर कु. ऋषि राज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों, गरीबों और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है। किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध करा रही है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए गरीब और बेसहारा परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। पिछले वर्षों में प्रदेश को माफिया और अपराध के प्रभाव से मुक्त करने की दिशा में काम हुआ है। प्रदेश में सड़क, बिजली, बुनियादी सुविधाओं और औद्योगिक विकास को लेकर भी लगातार प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए फैसले ले रही है। हाल ही में गन्ने के मूल्य में की गई वृद्धि से किसानों को राहत मिली है। सरकार की प्राथमिकता किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

कु. ऋषि राज सिंह ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए महत्वपूर्ण होगा। पार्टी इस चुनाव में संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं की मेहनत के आधार पर मैदान में उतरेगी। इसके लिए आवश्यक है कि संगठन का प्रत्येक स्तर सक्रिय रहे और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार हो। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठनात्मक मंथन, कार्यकर्ताओं के समन्वय और बूथ स्तर तक मजबूत संगठन के दम पर उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसका संगठन और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और समाधान के लिए प्रयास करना जरूरी है। इसी सोच के साथ वह क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। उनका प्रयास है कि पार्टी की नीतियों और सरकार के कामकाज को लेकर आम लोगों के बीच सीधा संवाद कायम हो।

गोवर्धन पर विशेष फोकस, छाता में भी सक्रियता

अवागढ़ राजपरिवार से संबंध रखने वाले कु. ऋषि राज सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा जनपद की जलेसर तहसील स्थित अवागढ़ रियासत के राजकुमार हैं। वर्तमान में वह मथुरा के डैंपियर नगर स्थित अवागढ़ हाउस में रहते हैं। मथुरा की राजनीति में उनकी सक्रियता लगातार बढ़ रही है। फिलहाल उनका मुख्य फोकस 83 गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र पर है, जहां वह भाजपा के टिकट के प्रमुख दावेदारों में अपनी दावेदारी मजबूत करने के प्रयास में जुटे हैं।

गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र में लगातार गांवों का दौरा, सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी और पार्टी के स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं से संपर्क उनकी राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख हिस्सा बन गया है। इसके साथ ही वह छाता विधानसभा क्षेत्र में भी सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेते रहते हैं।

राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए छाता विधानसभा सीट को लेकर भी उनकी संभावनाओं की चर्चा है। यदि आगामी चुनाव में छाता सीट राष्ट्रीय लोकदल के साथ गठबंधन के तहत नहीं जाती है तो भाजपा की ओर से वहां भी उनके नाम पर विचार किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि उनकी प्राथमिकता फिलहाल गोवर्धन विधानसभा सीट ही है और वह इसी क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मथुरा जनपद की गोवर्धन और छाता विधानसभा सीटों पर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के संकेत मिलने लगे हैं। ऐसे में कु. ऋषि राज सिंह का गांवों में लगातार जनसंपर्क और संगठन के पदाधिकारियों से संवाद उनकी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। आने वाले समय में भाजपा के संगठनात्मक समीकरण और पार्टी नेतृत्व का निर्णय ही यह तय करेगा कि विधानसभा चुनाव में किसे प्रत्याशी बनाया जाता है। फिलहाल ऋषि राज सिंह गोवर्धन क्षेत्र में अपनी दावेदारी को मजबूत करने के साथ संगठन को सक्रिय करने के प्रयास में जुटे हुए हैं।