चित्रगुप्त मंदिर प्रकरण में संत समाज का शंखनाद, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि राय भारद्वाज के नेतृत्व में संतों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, महंत अजय श्रीदास और परिवार की सुरक्षा की उठाई मांग

कुशीनगर। श्री चित्रगुप्त मंदिर में चित्रगुप्त पूजन के दिन हुए विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंदिर के महंत अजय श्रीदास के साथ कथित अभद्रता, गाली-गलौज और उनके पुत्र पर हमले के प्रयास के आरोपों को लेकर संत समाज ने विरोध जताया है। बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवि राय भारद्वाज के नेतृत्व में साधु-संतों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन देने पहुंचे साधु-संतों ने आरोप लगाया कि पडरौना नगर के तुलसी आवास विकास कॉलोनी निवासी प्रकाश श्रीवास्तव ने विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में कथित तौर पर भड़काऊ और आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। संतों का आरोप है कि इन टिप्पणियों के जरिए प्रमोद श्रीवास्तव प्रियदर्शनी सहित अन्य लोगों को उकसाया गया, जिसके बाद मंदिर में विवाद और हंगामे की स्थिति पैदा हुई। हालांकि, संतों ने पूरे मामले में संबंधित लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

साधु-संतों ने कहा कि श्री चित्रगुप्त मंदिर में प्रतिवर्ष धार्मिक परंपरा के अनुसार चित्रगुप्त पूजन, अखंड रामायण, हवन और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। ऐसे पवित्र आयोजन के दौरान मंदिर के महंत के साथ कथित अभद्रता और उनके पुत्र पर हमले के प्रयास की घटना गंभीर चिंता का विषय है। धार्मिक स्थलों की मर्यादा और आस्था के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता।

संतों ने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने, भीड़ जुटाकर दबाव बनाने या सोशल मीडिया के माध्यम से किसी व्यक्ति के खिलाफ माहौल तैयार करने का अधिकार नहीं है। यदि किसी को मंदिर की व्यवस्था या किसी अन्य विषय पर आपत्ति है तो उसे संवैधानिक और कानूनी तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए।

महंत अजय श्रीदास की सुरक्षा को लेकर भी संत समाज ने चिंता जताई। उनका कहना है कि करीब दो दशकों से मंदिर की सेवा और देखरेख कर रहे महंत को अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए प्रशासन से गुहार लगानी पड़ रही है। ऐसे में प्रशासन को मामले की गंभीरता समझते हुए महंत, उनके पुत्र और परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध करानी चाहिए।

ज्ञापन में मांग की गई कि सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित भड़काऊ संदेशों की साइबर सेल से जांच कराई जाए। 11 नवंबर को मंदिर परिसर में हुए घटनाक्रम की प्रत्यक्षदर्शियों और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के बयान के आधार पर निष्पक्ष जांच हो। जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आए, उनके खिलाफ बिना किसी दबाव के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन सौंपने से पहले साधु-संतों ने बैठक कर घटना पर गहरा आक्रोश जताया और निंदा प्रस्ताव पारित किया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर के महंत के साथ कथित गाली-गलौज, उनके पुत्र पर हमले का प्रयास और मंदिर परिसर में हंगामे के आरोप गंभीर हैं। इस तरह की घटनाओं से धार्मिक स्थल की गरिमा और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है।

संतों ने एक स्वर में कहा कि धार्मिक स्थलों की मर्यादा, पूजा-पद्धति और शांतिपूर्ण आयोजनों में व्यवधान डालने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस दौरान राजर्षि रामनयन दास महाराज, महंत जितेंद्र दास महाराज, अवधेश दास, बालकदास, राजकपूर दास, बालकदास कप्तानगंज, महंत ज्ञानगिरी महाराज, सुरेशदास और विचंड दास सहित बड़ी संख्या में साधु-संत मौजूद रहे।