कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियों का सीओ ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

मुरादाबाद। आगामी कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले गंगा स्नान मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह ने थाना प्रभारी डिलारी के साथ ग्राम गख्खरपुर पहुंचकर मेले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने मेला आयोजकों के साथ बैठक कर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, आवागमन के रास्तों, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। साथ ही आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीओ आशीष प्रताप सिंह ने पुलिसकर्मियों और मेला आयोजकों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से ही प्रभावी इंतजाम किए जाएं, जिससे गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहे। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है।