रिपोर्ट -पंकज चतुर्वेदी

बाराबंकी। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस एंबुलेंस में परिजन पहले से सड़क हादसे में जान गंवा चुके अपने परिवार के सदस्य का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए गांव जा रहे थे, उसी एंबुलेंस में सवार पांच लोगों की रास्ते में हुए दूसरे हादसे में मौत हो गई। थाना सुबेहा क्षेत्र में किलोमीटर 53.3 के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोगों की जान चली गई।
पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस संख्या RJ 14 PF 8529 पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से गुजर रही थी। इसी दौरान किलोमीटर 53.3 के पास सड़क किनारे खड़ी पिकअप संख्या UP 78 JT 6480 में एंबुलेंस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एंबुलेंस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि एंबुलेंस में बिहार के समस्तीपुर निवासी अशोक शर्मा का शव रखा था। अशोक शर्मा की गुड़गांव में हुए एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उनके परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए अपने गांव जा रहे थे। परिवार के लोग पहले ही एक सदस्य की मौत से दुखी थे, लेकिन रास्ते में हुए इस दूसरे हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। इस दुर्घटना में अशोक शर्मा के बेटे राजकुमार शर्मा उर्फ सतीश शर्मा, रवि शर्मा, फूलो शर्मा तथा एंबुलेंस के दोनों चालक सरफराज और आबिद की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी समेत पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि पुलिस की ओर से जरूरी कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और सभी विधिक औपचारिकताएं पूरी कराई जा रही हैं।
हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। एक परिवार के लिए अंतिम संस्कार का सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन गया।