वाहन चालकों से अवैध वसूली करने वाले आठ आरोपी गिरफ्तार, नारायणी टेक्नोलॉजी की मालकिन और पति फरार

झांसी। शासन द्वारा निर्धारित शुल्क से तीन गुना अधिक धनराशि वसूलने और धमकी देने के आरोप में थाना सीपरी बाजार पुलिस ने नारायणी टेक्नोलॉजी फर्म के मैनेजर सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, फर्म की मालकिन नेहा सिंघई और उसके पति कुंज बिहारी अग्रवाल अभी फरार हैं।

मामला एनएच 44 ग्वालियर-झांसी मार्ग पर भारी वाहनों की फिटनेस कराने के नाम पर अवैध वसूली से जुड़ा है। परिवीक्षा निरीक्षक संजय सिंह द्वारा की गई जांच में पाया गया कि फर्म के लोग शासन द्वारा निर्धारित ₹1800 की बजाय ₹4000 प्रति वाहन वसूल रहे थे। विरोध करने पर वाहन चालकों को जान से मारने की धमकियाँ दी जा रही थीं।

सत्यापन के बाद थाना सीपरी बाजार में नेहा सिंघई, कुंज बिहारी अग्रवाल, मैनेजर और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुरैना (म.प्र.) निवासी अवधराज, श्याम सिंह तोमर, जगराम सिंह तोमर, झांसी निवासी उमेश राजपूत, अजय वाल्मीकि, अरुण देव शर्मा, जालौन निवासी अजय प्रताप सिंह और गुरसराय निवासी मानवेंद्र सिंह बरार को गिरफ्तार कर लिया है।

फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।