छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल को कांग्रेस ने दिया बड़ा तोहफा इस राज्य का पर्यवेक्षक बनाया

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को नई जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस ने भूपेश बघेल को बिहार में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ और पार्टी से जुड़ी अन्य गतिविधियों के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से शनिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बघेल की तत्काल प्रभाव से नियुक्ति की है। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ इन दोनों पश्चिम बंगाल में है। यह इस महीने के अंत में बिहार में प्रवेश करेगी। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ दो फरवरी को झारखंड में प्रवेश करेगी और राहुल गांधी राज्य के पाकुड़ जिले में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

कांग्रेस की झारखंड इकाई के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि यात्रा दो चरणों में होगी, जिसमें आठ दिनों की अवधि में 13 जिलों में 804 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। ठाकुर ने कहा, “झारखंड में यात्रा की तारीखें तय हो गई हैं। यह दो फरवरी को पाकुड़ जिले से राज्य में प्रवेश करेगी।” उन्होंने कहा कि पार्टी की सभाएं और रैलियां कहां-कहां होंगी, इसकी घोषणा जल्द ही की जाएगी।