भारत में अपनी मेहमान नवाजी से हुए खुश इमैनुएल मैक्रों, भारतीयों को दिया फ्रांस आने का न्योता

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का भारत आने पर शानदार स्वागत किया गया था। इससे खुश होकर उन्होंने भारतवासियों को धन्यवाद दिया। मैक्रों ने भारतीयों को फ्रांस आने का न्योता भी दिया। फ्रांस में इस साल कई बड़े आयोजन होने हैं, जिसके लिए इमैनुएल मैक्रों ने भारतीयों को फ्रांस आने की बात कही।

शनिवार को सोशल मीडिया पर साझा किए एक पोस्ट में फ्रांस के राष्ट्रपति ने लिखा कि ‘फ्रांस इस साल पूरी दुनिया का स्वागत करेगा। इस साल द्वितीय विश्व युद्ध की सालगिरह मनाई जाएगी, ओलंपिक और पैरालिंपिक खेलों का आयोजन भी पेरिस में होगा। इनके साथ फ्रैंकोफोनी सम्मेलन भी होगा। हमारे दोस्तों, आप सभी का स्वागत है।’

बता दें शुक्रवार शाम में फ्रांस के राष्ट्रपति, भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ दिल्ली की मशहूर निजामुद्दीन औलिया की दरगाह भी गए। इमैनुएल मैक्रों दरगाह में करीब आधा घंटा रुके। इस दौरान उन्होंने दरगाह पर चादर चढाई और कव्वाली का भी आनंद लिया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

जानकारी के लिए बता दें इमैनुएल मैक्रों 25 जनवरी को दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे थे। वह गुरुवार दोपहर में जयपुर पहुंचे। इसके बाद शाम में मैक्रों और पीएम मोदी ने जयपुर में रोड शो किया। जयपुर में दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। शुक्रवार शाम में दोनों नेताओं के बीच हुई मुलाकात को लेकर संयुक्त बयान जारी किया गया, जिसमें दोनों नेताओं ने लाल सागर में नेविगेशन की आजादी और अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करने पर जोर दिया।