‘मेरी मां का मंगलसूत्र इस देश के लिए कुर्बान हो गया’, प्रियंका गांधी ने PM मोदी पर किया पलटवार

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भड़काऊ और ध्यान भटकाने वाले बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं का मंगलसूत्र छीनने की बात कर रहे हों लेकिन सच यह है कि उनकी मां का मंगलसूत्र इस देश पर कुर्बान हुआ है। वाड्रा ने जनता से सवाल किया कि देश में 55 साल तक कांग्रेस की सरकार रही है। किसी ने आपसे आपका सोना और मंगलसूत्र छीना। इंदिरा गांधी ने जंग में अपना सोना देश को दिया था।

उन्होंने कहा‘‘मेरी मां सोनिया गांधी का मंगलसूत्र इस देश पर कुर्बान हुआ है और पीएम मोदी कह रहे हैं कि कांग्रेस महिलाओं का मंगलसूत्र और सोना छीन लेगी। मोदी जी मंगलसूत्र का महत्व समझते तो ऐसी अनैतिक बातें नहीं करते। किसान पर कर्ज चढ़ता है तो उसकी पत्नी अपने गहने गिरवी रखती है। बच्चों की शादी होती है तो महिलाएं अपना सोना गिरवी रखती हैं।‘‘