रैपर बादशाह का विवादों से पुराना नाता, पहले भी बाबा भोलेनाथ के भक्तों को कर दिया था नाराज

बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह का विवादों से पुराना नाता रहा है। एक बार फिर बादशाह के खिलाफ मुंबई के एक थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। फेयरप्ले ऐप का आईपीएल का प्रचार करने के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले यह रैपर इसी साल रिलीज हुए गाने सनक को लेकर विवादों में घिर चुके हैं। मामला अप्रैल महीने का है, जब रैपर बादशाह का गाना ‘सनक’ रिलीज हुआ था। गाने के लीरिक्स पर उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर के पुजारियों ने विरोध जताया था, जिसके बाद बादशाह को अपने गाने में बदलाव करना पड़ा और माफी भी मांगनी पड़ी थी।

बता दें कि अप्रैल महीने में रिलीज हुए एलबम ‘सनक’ का एक गाना विवादों में आ गया था। गाने में अश्लील शब्दों के साथ भोलेनाथ का नाम उपयोग करने पर उज्जैन स्थित प्रसिद्ध महाकाल मंदिर के पुजारी और संत समाज ने इसका विरोध जताया था। उन्होंने रैपर को चेतावनी देते हुए गाने से भगवान का नाम हटाने और माफी मांगने की बात कही थी।

दरअसल, फेमस रैपर बादशाह के एलबम ‘सनक’ का गाना रिलीज हुआ, गाने के बोल थे- कभी सेक्स तो कभी ज्ञान बांटता फिरूं… हिट पर हिट में मारता फिरूं… तीन-तीन रात में लगातार जागता, भोलेनाथ के साथ मेरी बनती है.. इसी को लेकर शिव भक्तों ने नाराजगी जताई थी।क्रांतिकारी संत डॉक्टर अवधेश पुरी महाराज और महामंडलेश्वर संत शैलेशानंद समेत महाकाल के पुजारी महेश गुरु ने गाने का विरोध करते हुए कहा था कि सिंगर बादशाह ने अपनी लोकप्रियता हासिल करने के लिए आस्था के साथ खिलवाड़ किया है। रैपर ने अपने गीत में भगवान भोलेनाथ के साथ अश्लील शब्दों का उपयोग किया गया। इसका हम विरोध करते हैं।