
चंडीगढ़, 26 अप्रैल। रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडिया कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 133वां संस्करण देशभर में सुना गया. इसी क्रम में कैथल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ इस प्रोग्राम को सुना जिसको लेकर उन्होंने खुशी जाहिर की और कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम हर नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी तय करने के लिए प्रेरित करता है. आज के कार्यक्रम में पीएम मोदी ने अपने आत्मनिर्भर भारत के विजन को मजबूती देते हुए देश की वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति को रेखांकित किया है, जो विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करता है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न वर्गों के प्रेरक कार्यों, नवाचारों, स्टार्टअप, स्वच्छता, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण एवं लोक संस्कृति से जुड़े विषयों को प्रभावी रूप से सामने रखते हैं, जिससे लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। बड़ौली ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम ने आमजन के प्रयासों को एक मंच प्रदान किया है। इससे देश के कोने-कोने में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को नई पहचान मिल रही है।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि ‘मन की बात’ के इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने बुद्ध पूर्णिमा से लेकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती तक के ऐतिहासिक और प्रेरणादायक प्रसंगों का भी उल्लेख किया। यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और महान व्यक्तित्वों के योगदान को याद करने का अवसर है, जो हमें देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। प्रधानमंत्री ने जनगणना को लेकर कहा कि यह देश की योजनाओं और विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया है क्योंकि सटीक आंकड़े ही प्रभावी नीतियों का आधार बनते हैं, जिससे समाज के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचता है।
पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रधानमंत्री ने सौर और पवन ऊर्जा को देश के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी बताया। श्री बड़ौली ने कहा कि पर्यावरण का विषय हमारी पीढ़ियों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। ऊर्जा संरक्षण, बिजली की बचत और स्वच्छ ऊर्जा को अपनाना आज हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जन-आंदोलन है, जो जन-जन को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश देता है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में अपनाएं और आत्मनिर्भर, स्वच्छ तथा विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान, सम्मान, स्वाभिमान हर क्षेत्र में बढ़ रहा है। भारत बड़ी आर्थिक शक्ति बनकर उभरा है।
देश विज्ञान, रक्षा, ए.आई के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के नागरिक परमाणु कार्यक्रम की सराहना की और वैज्ञानिकों के कार्यों को राष्ट्र निर्माण के लिए अहम बताया। मन की बात के 133वें संस्करण को सुनने के लिए भारी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ताओं सहित तमाम लोग मौजूद रहे.