बिहार में 20 साल बाद नीतीश युग का अंत, अब CM की कुर्सी पर BJP का ‘सम्राट’

सम्राट चौधरी बने बिहार के 24वें CM, JDU से 2 डिप्टी CM — विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव

बिहार में आज एक ऐतिहासिक दिन रहा। सम्राट चौधरी ने पटना के लोक भवन में बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वे बिहार में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बने हैं। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद यह सत्ता परिवर्तन हुआ है, जो लगभग 20 साल बाद नीतीश कुमार के युग का अंत माना जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह में जदयू से दो उपमुख्यमंत्री भी चुने गए।

विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने सम्राट चौधरी और दोनों डिप्टी सीएम को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सम्राट चौधरी ने शपथ लेते ही कहा कि बिहार में अब नरेंद्र मोदी और नीतीश मॉडल ही चलेगा। उन्होंने विकास कार्यों को तेज करने और राज्य की प्रगति पर जोर दिया।

 नए मुख्यमंत्री के साथ पुराने गठबंधन का संतुलन भी बरकरार रखा गया है, क्योंकि दोनों डिप्टी सीएम जदयू से हैं। यह घटनाक्रम बिहार की राजनीति में ‘सम्राट युग’ की शुरुआत माना जा रहा है। विपक्ष की प्रतिक्रियाएं भी आने वाली हैं, लेकिन फिलहाल NDA में उत्साह का माहौल है।