जनता के जज्बातों के साथ खिलवाड़ कर रही योगी सरकार- लल्लू

सरकार कानून व्यवस्था को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ करने के बजाए मनमोहक नारे देने में ज्यादा जोर दे रही है 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने रविवार को जारी बयान में कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का आलम यह है कि अपराध उप्र में ईज आफ डूइंग क्राइम के रूप में नये प्रतिमान गढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था को ठीक करने के बजाए मुख्यमंत्री योगी फर्रूखाबाद में हठपूर्वक ऐलान कर रहे हैं कि गरीबों को इंसाफ मिल रहा है, माफिया और उनके रहनुमा डरे हुए हैं। बच्चियां स्कूल और अपने दफ्तरों में आ जा रही हैं। आम जनता बाहर निकलने में सुरक्षित महसूस कर रहा है। मुख्यमंत्री का यह कहना हास्यास्पद ही नहीं अपितु प्रदेश की जनता के जज्बातों के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा की करोड़ों रूपये मिशन शक्ति के नाम पर खर्च करने के बाद महिला सुरक्षा की हालत यह है कि नोएडा में बहन के साथ हो रही छेड़छाड़ का विरोध करने पर भाई की सरेराह चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गयी। सरकार कानून व्यवस्था को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ करने के बजाए मनमोहक नारे देने में ज्यादा जोर दे रही है। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रतापगढ़ में पिछले तीन दिनों में लूट की दो बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया गया है। मनबढ़ अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सर्राफा व्यापारी की हत्या करके फरारA हो गये। मेरठ में व्यापारी दीपक प्रजापति की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। अम्बेडकरनगर में दो सगे भाईयों की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। बस्ती में आलू व्यापारी सहित तीन लोगों की हत्या कर दी गयी।

कुछ दिन पहले राजधानी के ही मोहनलागंज में पूर्व प्रधान की सरेराह गैंगवार के तहत गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। गोमतीनगर जैसे पॉश क्षेत्र में ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर अपराधियों ने न सिर्फ एक व्यक्ति की हत्या कर दी बल्कि पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। अभी तक अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। सरकार और पुलिस सिर्फ लकीर पीटने तक ही सीमित रह गई है।