
त्रिशताब्दी स्मृति अभियान से राष्ट्र जागरण का संकल्प
बाराबंकी। इंदौर की महारानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर त्रिशताब्दी स्मृति अभियान की शुरुआत करते हुए मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी संतोष सिंह ने कहा कि अहिल्याबाई भारतीय नारी शक्ति और सामाजिक समरसता की सशक्त प्रतीक थीं।
उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने महिष्मति में साड़ी उद्योग को प्रोत्साहित कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया। विधवा पुनर्विवाह को बढ़ावा देकर और बाल विवाह पर रोक लगाकर उन्होंने नारी सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया। सिंह ने कहा कि अहिल्याबाई ने वैदिक उद्घोष “धर्मो रक्षति रक्षितः” को अपने जीवन में उतारते हुए सनातन धर्म की पुनर्स्थापना में अप्रतिम योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि जब विदेशी आक्रांता मंदिरों को ध्वस्त कर रहे थे, तब अहिल्याबाई ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और सीमित संसाधनों के बावजूद उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया। आज का भव्य काशी विश्वनाथ धाम भी उन्हीं के द्वारा 1777 से 1780 के बीच निर्मित मंदिर पर आधारित है।
संतोष सिंह ने कहा कि भाजपा चाहती है कि हर महिला महारानी अहिल्याबाई की तरह सशक्त बनें और देश की सत्ता में भागीदार हों। पार्टी बूथ स्तर तक महिलाओं के सशक्तिकरण का अभियान चला रही है।
संगोष्ठी में शिव कुमार व्यास, अम्बरीष अम्बर, राजकुमार सोनी और सूर्यांश शर्मा ने काव्य पाठ किया।
जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद उपेन्द्र रावत, हरगोविंद सिंह, अजीत प्रताप सिंह, सरोज रावत, राम कुमारी मौर्य, शील रत्न मिहिर, विजय आनंद बाजपेई, प्रदीप जैन, ब्रजेश रावत, गुरुशरण लोधी, रवीनन खजांची, कमलेश शुक्ला, रोहित सिंह, आशुतोष अवस्थी, ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र यादव, आकाश पांडे, लकी सिंह, आरती रावत, कौशल किशोर त्रिपाठी, सुनीत अवस्थी सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।