
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा में सफल 60,244 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने के लिए 15 जून को भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में होगा, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी रहेगी।
पिछले आठ वर्षों में निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से लाखों युवाओं को पुलिस सेवा में अवसर मिला है। इस बार 60,244 आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती की गई है, जिनमें 12,048 महिलाएं शामिल हैं। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को नियुक्ति पत्र मिलने जा रहा है, जो एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
भर्ती परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 67 जनपदों के 1174 अविवादित परीक्षा केंद्रों का चयन किया गया था। अब नियुक्ति कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा प्रबंधों और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया है।
15 जून को आयोजित कार्यक्रम को लेकर यातायात निदेशालय ने लखनऊ समेत 10 जिलों में डायवर्जन लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। इन जिलों में कानपुर नगर, रायबरेली, सुलतानपुर, फतेहपुर, सीतापुर, महोबा, उन्नाव, अमेठी, बस्ती और जालौन शामिल हैं। इनसे लखनऊ की ओर आने वाले भारी वाहन वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किए जाएंगे, ताकि राजधानी और आसपास के जिलों में यातायात व्यवस्था दुरुस्त बनी रहे।
डायवर्जन स्थलों पर डिप्टी एसपी और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा आयोजन वाले दिन आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर अन्य भारी वाहनों का प्रवेश लखनऊ में वर्जित रहेगा।
इस पूरे आयोजन को राज्य सरकार, पुलिस प्रशासन और यातायात विभाग के समन्वय से बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।