विधायक समेत कार्यकर्ताओं ने मां के नाम पर लगाया पेड़, श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प


बाराबंकी जिले के बड्डूपुर क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम चलाते हुए एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक कार्यकर्ता ने अपनी मां के नाम पर एक पौधा रोपित किया और पर्यावरण को संरक्षित करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कुर्सी विधानसभा क्षेत्र के विधायक साकेंद प्रताप वर्मा ग्राम पंचायत शाहपुर स्थित दिनेश सिंह तोमर के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने आंवले का पौधा अपनी मां के नाम पर लगाया। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ कार्यक्रम भी सुना।

रविवार को भाजपा के आह्वान पर आयोजित इस अभियान में विधानसभा स्तर से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बड्डूपुर मंडल में मंडल अध्यक्ष योगेंद्र पटेल, विधानसभा मीडिया संयोजक राम लक्ष्मण रावत, मंडल मंत्री अवधेश कुमार वर्मा, सेक्टर संयोजक आशीष कुमार वर्मा, अल्पसंख्यक मोर्चा मंडल अध्यक्ष मोहम्मद शब्बीर सहित कई कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण किया।

इसी प्रकार निदूरा मंडल में भी मंडल अध्यक्ष विनय मौर्य, प्रदीप रावत, विशाल सिंह, श्रीश रावत सहित बूथ अध्यक्षों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और पौधरोपण के माध्यम से श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि दी।

इस आयोजन ने न केवल देशभक्ति और बलिदान की भावना को सशक्त किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्त्वपूर्ण मुद्दे पर जनभागीदारी को भी प्रेरित किया। कार्यकर्ताओं का यह संकल्प कि हर व्यक्ति अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाए, समाज में पर्यावरण के प्रति नई सोच और जागरूकता को जन्म दे रहा है।