लखनऊ। मंगलवार को यूपी विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और सपा विधायक मोहम्मद फहीम इरफान के बीच तीखी बहस हुई। समाजवादी पार्टी के विधायक ने जल जीवन मिशन के तहत गांवों में काम अधूरे होने और पानी की समस्या का आरोप लगाया, जिसपर मंत्री ने गुस्से में आकर कहा, “खाओ अपनी बीवी की कसम कि गांव में पानी नहीं आ रहा है।”
सपा विधायक फहीम इरफान ने कहा कि जल जीवन मिशन के बाद कई गांवों में पानी की समस्या बनी हुई है। अधूरे काम, टूटी पाइपें और गिरती टंकियां ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हैंडपंप की व्यवस्था खत्म कर दी गई है और ठेकेदारों ने पुराने विकास कार्यों को तोड़फोड़ दिया है। कुछ जगहों पर टंकियां गिरने से जान तक चली गई, लेकिन मुआवजा नहीं मिला।
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने इस आरोप को झूठा बताते हुए कहा कि विधायक अपनी बीवी की कसम खा लें कि गांवों में पानी नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने फहीम इरफान को चुनौती दी कि वे पश्चिमी यूपी का कोई भी जिला चुन लें, जहां पानी की समस्या हो, अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह इस्तीफा दे देंगे।
सपा विधायक ने भी जवाब दिया कि वे सरपंचों से बात कर लें, सब सच सामने आ जाएगा। इस बहस के दौरान सदन में जोरदार हंगामा हुआ और विपक्ष तथा सरकार के बीच तीखे शब्दों का आदान-प्रदान देखने को मिला।