नगर क्षेत्र में 156 घंटे का विशेष सफाई अभियान, स्वास्थ्य परीक्षण व रक्तदान शिविर भी होंगे आयोजित

खेरागढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाने की तैयारियां नगर पंचायत स्तर पर शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सुधीर गर्ग गुड्डू ने सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्हें विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए प्रोत्साहित किया और कार्य संबंधित निर्देश दिए।

अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष भी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा आयोजित होगा। इसके तहत नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार 156 घंटे का विशेष सफाई अभियान चलेगा। इस दौरान नगर पंचायत की ओर से सफाई कर्मचारियों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, ताकि वे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकें। साथ ही रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों और सफाई कर्मचारियों से अपील की कि वे इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और रक्तदान कर महादान में सहयोग करें।

अध्यक्ष सुधीर गर्ग ने कहा कि स्वच्छता और सेवा, दोनों ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों का हिस्सा हैं। ऐसे में नगर पंचायत खेरागढ़ सेवा पखवाड़ा को एक जनआंदोलन की तरह मनाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर के सफाई कर्मचारी अपनी मेहनत और समर्पण से इस अभियान को सफल बनाएंगे।