42 लाख रुपये के मुआवजे ने ली बहन की जान! भाई-भाभी गिरफ्तार

महादेवा कॉरिडोर में मकान जाने पर मिला था मुआवजा, बहन को हिस्सा देने से बचने के लिए रची हत्या की साजिश

बाराबंकी। जमीन और मकान के मुआवजे में मिले 42 लाख रुपये के लालच में रिश्तों का कत्ल कर दिया गया। बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के महादेवा गांव में मंजू हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए उसके सगे भाई संदीप और भाभी शीतल उर्फ मायावती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मुआवजे की रकम में बहन को हिस्सा न देना पड़े, इसलिए उसकी हत्या की योजना बनाई थी। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल ईंट भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, बिंदौरा परसपुर निवासी वंदना ने एक नवंबर को अपनी बड़ी बहन मंजू (42) की हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि मंजू के भाई संदीप और उसकी पत्नी शीतल ने ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर रामनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि संदीप का मकान महादेवा कॉरिडोर के दायरे में आ गया था। मकान के बदले उसे करीब 42 लाख रुपये मुआवजा मिला था। पुलिस का कहना है कि संदीप इस रकम में अपनी बहन मंजू को कोई हिस्सा नहीं देना चाहता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच मंजू को रास्ते से हटाने की योजना बनी।

पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर को दोपहर के समय मंजू अपने घर की रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान संदीप और उसकी पत्नी ने वहां रखी ईंट से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण मंजू की मौत हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी के निर्देश पर स्वाट, सर्विलांस और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और डिजिटल साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। मंगलवार को पुलिस ने गजपतिपुर मोड़ के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट भी बरामद कर ली गई।

आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार संदीप के खिलाफ हत्या समेत कुल छह मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसकी पत्नी शीतल के खिलाफ तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ मंजू की हत्या के मामले में भी कार्रवाई की गई है।

42 लाख रुपये के मुआवजे को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार एक महिला की जान जाने तक पहुंच गया। जिस भाई-बहन के रिश्ते में भरोसा और अपनापन होना चाहिए था, उसी रिश्ते पर लालच भारी पड़ गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।