पटाखे जलाने को लेकर विवाद, जातिसूचक टिप्पणी पर भड़का वाल्मीकि समाज

रिपोर्ट -बोबी ठाकुर | कासगंज।

शहर के मोहल्ला नवाब स्थित जाटवान गली में सोमवार शाम पटाखे जलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। शुरुआत बच्चों के पटाखे जलाने से हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला कहासुनी, गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक टिप्पणी किए जाने पर वाल्मीकि समाज के लोग भड़क गए। विरोध करने पर विवाद और बढ़ गया। इसके बाद गली में पथराव शुरू हो गया। एक पक्ष पर मकान की छत से ईंट-पत्थर फेंकने का भी आरोप लगाया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी आलोक कुमार और सीओ सदर आंचल चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। तनाव को देखते हुए गली में पुलिस पिकेट तैनात कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 6:27 बजे वाल्मीकि जयंती के अध्यक्ष रविकांत ने फोन कर जाटवान गली में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना दी थी। इसके ठीक एक मिनट बाद पीआरवी 9760 को भी मारपीट और गाली-गलौज की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि अरशद, राशिद, आजाद और शमशाद का इस्लाम और कैफ से विवाद हुआ था। दोनों पक्ष एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गली में बच्चे पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान कैफ का नाम लेने को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात बढ़ी तो गाली-गलौज होने लगी। आरोप है कि इस दौरान महिलाओं के बीच भी एक-दूसरे को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।

इसी बीच पड़ोस में रहने वाले वाल्मीकि समाज के दीपक और उनके बेटे आदर्श ने दोनों पक्षों को समझाने और बीच-बचाव करने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान जातिसूचक टिप्पणी की गई। इसका विरोध करने पर दीपक और आदर्श की दूसरे पक्ष से भी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि अरशद और उसके भाइयों ने अपने मकान की छत से ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे गली में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर पहुंचे एएसपी आलोक कुमार और सीओ सदर आंचल चौहान ने पुलिसकर्मियों के साथ स्थिति को संभाला। पुलिस ने मौके पर लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। किसी तरह का दोबारा विवाद न हो, इसके लिए मोहल्ले में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

एएसपी आलोक कुमार ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर लिया। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस की निगरानी में मोहल्ले की स्थिति सामान्य बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।