ब्रज की बेटी नीलम ने बढ़ाया देश का मान, कोसीकलां में सिर पर सजा चांदी का मुकुट

भगवती मंदिर में दुग्धाभिषेक कर लिया आशीर्वाद, कमल किशोर वार्ष्णेय ने चांदी का मुकुट पहनाकर किया सम्मानित

कोसीकलां। कजाकिस्तान के अस्ताना में आयोजित सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली ब्रज की बेटी नीलम सिरोही का रविवार को कोसीकलां पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया।

नीलम सिरोही ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के 50 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया है। रविवार सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद वह यूपी-हरियाणा बॉर्डर पहुंचीं। यहां उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष कमल किशोर वार्ष्णेय ने अपनी टीम के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान कमल किशोर वार्ष्णेय ने नीलम को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर नीलम भावुक हो गईं।

इसके बाद नीलम कोसीकलां के तांगड़ा मोहल्ला स्थित मां भगवती मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने विधि-विधान से मां भगवती का दुग्धाभिषेक किया और आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में पहले से ही सैकड़ों युवा, पहलवान, कुश्ती प्रेमी और नगर के गणमान्य लोग उनके स्वागत के लिए मौजूद थे। ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के बीच उनका अभिनंदन किया गया।

इस मौके पर नीलम सिरोही ने कहा कि यह रजत पदक सिर्फ उनका नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों का है। इस सफलता के पीछे उनके गुरुजनों का मार्गदर्शन, माता-पिता का त्याग और मां भगवती का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि देशवासियों के प्यार और सम्मान ने उनकी खुशी को और बढ़ा दिया है।

उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष कमल किशोर वार्ष्णेय ने कहा कि बाजना के छोटे से गांव की इस बेटी ने विश्व पटल पर देश और ब्रज का नाम रोशन किया है। नीलम आज उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा हैं, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि नीलम की उपलब्धि बताती है कि मजबूत हौसले और मेहनत के दम पर बेटियां भी दुनिया में अपनी पहचान बना सकती हैं।

इस अवसर पर जिला कुश्ती संघ के महासचिव जनार्दन सिंह पहलवान, ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष विष्णु शर्मा, कन्हैयालाल गोयल, भाजपा मंडल अध्यक्ष सौरभ जैन, दीपक बडगूजर, विनय उपाध्याय, राजू रुहेला, अन्नू वैद्य, अजयपाल ठाकुर, रुचि सांगवान सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।