
खेरागढ़। अग्रवाल भवन खेरागढ़ में शनिवार को पुष्पांजली हॉस्पिटल के सहयोग से कैंसर मरीजों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने किया।
शिविर में कुल 67 व्यक्तियों ने स्वास्थ्य जांच और परामर्श लिया। चिकित्सकों ने बताया कि इनमें से 15 व्यक्तियों में कैंसर के प्रारंभिक संकेत मिले, जिन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए निर्देशित किया गया।
मुख्य अतिथि चेयरमैन सुधीर गर्ग ने कहा कि कैंसर आज समाज के लिए गंभीर चुनौती है। समय रहते जांच और उपचार से इसे हराया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी सबसे बड़ी समस्या है। ऐसे स्वास्थ्य शिविर लोगों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन देने के लिए बेहद जरूरी हैं। हमारी कोशिश है कि खेरागढ़ क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सही परामर्श समय पर मिल सके।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सभी उपस्थित व्यक्तियों की जांच करते हुए उन्हें रोग-विशेष पर सलाह दी। चिकित्सकों ने कहा कि कैंसर तेजी से फैल रही बीमारी है, लेकिन यदि इसका पता प्रारंभिक स्तर पर चल जाए तो इलाज संभव है। इसलिए किसी भी संदेहास्पद लक्षण को नज़रअंदाज़ न करें और समय रहते जांच कराएँ।