हाथरस में नील गाय के बच्चे को लेकर हुई मारपीट, दंपति गंभीर रूप से घायल

हाथरस। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला इमलिया में नील गाय के बच्चे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में एक बुजुर्ग दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, नगला इमलिया गांव में कुछ दबंगों ने नील गाय के बच्चे को पकड़ लिया था। इस पर पीड़ित पक्ष के युवक ने उन्हें मना किया और बच्चे को छोड़ने की बात कही। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और दबंगों ने युवक पर हमला कर दिया। युवक को बचाने पहुंचे उसके माता-पिता शिवकुमार और विमला पर आरोपियों ने तमंचे और धारदार हथियार से हमला कर दिया।

मारपीट में घायल दंपति को पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है।