विजयादशमी पर “जय श्रीराम शोभायात्रा” का भव्य आयोजन, 68 किमी तक गूंजेंगे श्रीराम के जयकारे

लखनऊ। 30 सितंबर 2025 — राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति के तत्वावधान में इस वर्ष विजयादशमी के पावन अवसर पर “जय श्रीराम विजयादशमी शोभायात्रा” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह शोभायात्रा 2 अक्टूबर 2025 को प्रातः 9 बजे उत्सव स्थल से प्रारम्भ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होकर दोपहर 2 बजे पुनः उत्सव स्थल पर सम्पन्न होगी। कुल 68 किलोमीटर लंबी यात्रा में भगवान श्रीराम के जयकारों से सम्पूर्ण राजधानी गूंज उठेगी।

राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति के अध्यक्ष ललित श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता में बताया कि शोभा यात्रा क्रमशः गोमती नगर, इन्दिरा नगर, विकास नगर, अलीगंज, कपूरथला, श्री हनुमान सेतु, केजीएमसी, चौक, ठाकुरगंज, बालागंज, बुद्धेश्वर मंदिर, अवध चौराहा, आलमबाग, चारबाग, हजरतगंज, राजभवन, 1090 चौराहा और समता मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुँचेगी। यात्रा में दोपहिया और चारपहिया वाहनों का विशाल काफ़िला शामिल रहेगा, जो नगरवासियों के लिए आस्था और भव्यता का दृश्य प्रस्तुत करेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि यात्रा मार्ग के 151 प्रमुख चौराहों को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। चौराहा समितियाँ पुष्पवर्षा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से यात्रा का अभिनंदन करेंगी। लगभग 100 से अधिक स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर एक भव्य रथ भी शोभायमान रहेगा, जिसमें भगवान श्रीरामलला विराजमान होंगे और यात्रा का आकर्षण केंद्र बनेंगे।

इस वर्ष शोभायात्रा का विशेष महत्व संघ शताब्दी वर्ष के पुण्य अवसर पर संपन्न होने के कारण और भी बढ़ जाता है। यात्रा मार्ग के 15 प्रमुख चौराहों पर “पंच-परिवर्तन” विषय पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन और सांस्कृतिक जागरण का संदेश देगी।

मीडिया प्रभारी शिवांक रमन ने बताया कि समापन स्थल पर संघ प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिससे लखनऊवासी संघ की विचारधारा, कार्यशैली और सामाजिक योगदान को निकट से देख सकेंगे। इस शोभायात्रा में केवल राजधानी ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के 21 जिलों का प्रतिनिधित्व भी होगा, जो इसे राज्यव्यापी एकता और उत्सव का स्वरूप देगा।

राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति के मिलन प्रमुख ऋषि राज जैन ने कहा कि शोभायात्रा को सफल और अनुशासित बनाने के लिए सुरक्षा और अनुशासन की संपूर्ण व्यवस्था की गई है। एयरपोर्ट्स और FM चैनलों के माध्यम से इस पावन आयोजन का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।

समिति के अध्यक्ष ललित श्रीवास्तव, सचिव ऋषि राज जैन और मीडिया प्रभारी शिवांक रमन ने राजधानीवासियों से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में इस भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक यात्रा में सम्मिलित होकर विजयादशमी के पावन पर्व को सफल बनाएं।