
आगरा, 4 अक्टूबर 2025।
हैदराबाद के घाटकेसर स्थित काली माता मंदिर के पीठाधीश्वर अघोरी गुरु राजा स्वामी जी आगरा आने वाले हैं। उनका आगमन लोगों के संकट निवारण और पूजा के लिए मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से होगा। आगरा में उनकी उपस्थिति के दौरान विशेष आयोजन किए जाएंगे, जिसमें श्रद्धालु उनसे मिलकर अपने व्यक्तिगत और पारिवारिक संकटों का समाधान जान सकेंगे।
‘घर एक मंदिर’ के अधिष्ठाता डी.के. शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि पीठाधीश्वर अघोरी गुरु राजा स्वामी जी 5 अक्टूबर को आगरा पहुंचेंगे। दिल्ली से उन्हें लेने के लिए कारों का काफिला रवाना होगा, और शाम चार बजे खंदोली टोल से वे रामबाग स्थित ‘घर एक मंदिर’ पहुंचेंगे।
कार्यक्रम के अध्यक्ष अभय गुप्ता ने बताया कि 6 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे वाटर वर्क्स चौराहा से गुरु जी की शोभायात्रा बैंड-बाजों के साथ निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा बल्केश्वर चौराहा के गणेश काप्लेक्स तक जाएगी, जहां उनका विशेष स्वागत किया जाएगा। इसके बाद अघोरी गुरु राजा स्वामी जी अपने प्रवचन देंगे और उपस्थित श्रद्धालुओं को संकट निवारण के उपाय बताएंगे।
श्रद्धालु उनसे मुलाकात कर व्यक्तिगत समस्याओं और संकटों का समाधान जान सकते हैं। इस मुलाकात के लिए प्रवेश पत्र आवश्यक होगा।
इस मौके पर प्रेस वार्ता में डा. मंजू गुप्ता, नवीन अग्रवाल, मुकेश नेचुरल, विवेक पाठक, प्रिंस शर्मा समेत अन्य स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजक समिति ने बताया कि गुरु जी के आगमन से लोगों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन और संकट निवारण में मदद मिलेगी, और यह आयोजन धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।