
हरदोई (हरियावां)। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत बुधवार को ग्राम ओदरा में एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं, वीसी सखियां और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।
थाना हरियावां के थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए हर महिला को सावधान रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा —
“अनजान लिंक या संदेश पर क्लिक न करें, पासवर्ड मजबूत रखें और समय-समय पर बदलें।
सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें।
ओटीपी, बैंक डिटेल या पासवर्ड किसी से भी साझा न करें।”
थानाध्यक्ष ने उपस्थित महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1930, 1076, 1098, 181 और 101 की जानकारी दी और बताया कि किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा —
“सतर्कता ही सुरक्षा है — जागरूक महिला ही आत्मनिर्भर समाज की पहचान है।”
कार्यक्रम में महिलाओं को साइबर अपराध से बचाव, आत्मरक्षा के उपायों, और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान उप निरीक्षक रामऔतार, महिला आरक्षी पल्लवी एवं आरक्षी सौरव कुमार भी मौजूद रहे।
पुलिस टीम ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना जगाने का कार्य किया।
महिलाओं और छात्राओं ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की नई रोशनी फैला रहे हैं।