
झाँसी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के झाँसी आगमन के अवसर पर सदर विधायक पंडित रवि शर्मा ने शहर की विभिन्न समस्याओं पर उनका ध्यानाकर्षित करते हुए आधा दर्जन ज्ञापन सौंपे। इन मांगों में झाँसी में विद्युत व्यवस्था सुधार, एयरपोर्ट निर्माण और प्रेमनगर में करंट लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत पर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग शामिल रही।
सदर विधायक ने बताया कि झाँसी नगर में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 220/132/33 केवी का नया उपकेन्द्र स्थापित करना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में विद्युत व्यवस्था पटरी से उतर जाती है, जिससे नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विद्युत उपकेन्द्र के निर्माण और डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन के लिए कुल 1,11,58,79,531 रुपए का प्रावधान तैयार किया गया है।
इसके अतिरिक्त, विधायक ने शहर में होम्योपैथिक कॉलेज की स्थापना की मांग की। उन्होंने कहा कि झाँसी में आयुर्वेद, नर्सिंग, मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज हैं, लेकिन होम्योपैथिक शिक्षा के लिए छात्रों को अन्य दूरस्थ जिलों में जाना पड़ता है। एक होम्योपैथिक कॉलेज से झाँसी और आसपास के अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा।
साथ ही, उन्होंने बुन्देलखण्ड क्षेत्र के लिए एयरपोर्ट की स्थापना की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क और रेलवे मार्ग उपलब्ध होने के बावजूद हवाई मार्ग की सुविधा न होने के कारण क्षेत्र में विकास और यात्रा पर प्रभाव पड़ रहा है। एयरपोर्ट बनने से स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आवागमन सुगम होगा।
इसके अलावा, विधायक ने महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में नेत्र बैंक के पंजीकरण की प्रक्रिया को शीघ्र कराने की भी मांग की। वर्तमान में झाँसी के आस-पास कोई नेत्र बैंक नहीं है, जिससे लोग नेत्र प्रत्यारोपण की सुविधा से वंचित हैं।
सदर विधायक ने मुख्यमंत्री से सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करने का अनुरोध किया।