
देवरिया। आस्था और लोक परंपरा के महापर्व छठ पूजा में समाजसेवी रामानंद सिंह ने सामाजिक सहयोग की मिसाल पेश की है। उन्होंने अपने भाइयों जितेंद्र सिंह और चंद्रजीत सिंह के साथ मिलकर 8 गांवों के 1300 परिवारों में छठ पूजा की आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया।
छठ पूजा के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी रामानंद सिंह ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए एक विशेष पहल की। उन्होंने अनन्नास, केला, सेव, सिंघाड़ा, अदरक, गंजीया समेत सभी आवश्यक पूजा सामग्रियों से भरे थैले बनवाकर गांव-गांव वितरित कराए। इस कार्य में कुर्मी टोला, दोटा खास, भरवालिया, आरई पार, बारपार, बिनटोली, चतुर्भुजपुर, अटकहिया टोला और भटौली टोला के सैकड़ों श्रद्धालुओं को लाभ मिला।
समाजसेवी रामानंद सिंह ने बताया कि छठ व्रत रखने वाली महिलाएं परिवार की सुख-शांति और संतान की दीर्घायु के लिए 36 घंटे का निर्जला उपवास रखती हैं। ऐसे में पूजा की सामग्री जुटाने में गरीब परिवारों को परेशानी होती है। इसी कारण उन्होंने वर्षों पहले यह निर्णय लिया कि हर साल वे जरूरतमंदों की मदद करेंगे ताकि कोई भी परिवार श्रद्धा और आस्था के इस पर्व से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि छठ माता की कृपा से यह सेवा भावना निरंतर चल रही है। न केवल सामग्रियों का वितरण किया जाता है, बल्कि गांव के घाटों को सजाया जाता है और आने वाली महिलाओं के लिए सभी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। उनके इस प्रयास से ग्रामीणों में भारी उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।