
शाहाबाद (हरदोई)। कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से नगर कांग्रेस अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में “कांग्रेस संगठन सृजन” की बैठक सोमवार को पालिका कॉम्प्लेक्स शाहाबाद में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष विक्रम पांडेय ने की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विक्रम पांडेय ने कहा कि “संगठन केवल कागजों की सूची से नहीं चलेगा, बल्कि ज़मीनी सक्रियता से ही कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।” उन्होंने उपस्थित नगर और ब्लॉक पदाधिकारियों से अपील की कि हर कार्यकर्ता एक माह के भीतर कम से कम दो नए लोगों को संगठन से जोड़े। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक कार्यकर्ता यह संकल्प ले ले, तो कांग्रेस अपने लक्ष्य तक पहुंचने और जनता की मदद करने में सफल होगी।
विक्रम पांडेय ने भाजपा और सपा दोनों पर एक साथ निशाना साधते हुए कहा कि “भाजपा में मंत्री तक अपने ही लोगों के निशाने पर हैं, जबकि सपा में भी पूर्व विधायक आसिफ खान बब्बू के अपने लोग ही पीछे पड़े हैं।” स्थानीय राजनीति पर तीखा कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा — “शाहाबाद किसी के पिता की जागीर नहीं है और न ही कोई चरागाह, कि जब चाहे तब कोई यहां आकर चर ले और लाभ उठाकर चला जाए।”
बैठक में जिला उपाध्यक्ष कमलेश चंद्र रस्तोगी, राजेंद्र वर्मा, तालिब खान, ब्लॉक अध्यक्ष शशिकांत, नगर अध्यक्ष धीरज गुप्ता सहित कई नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस को बूथ स्तर तक मज़बूत करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस में अब नई ऊर्जा का संचार हो रहा है और कार्यकर्ता सक्रियता के साथ जनता के बीच पहुंच रहे हैं।
इस अवसर पर दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें अर्पित मिश्रा, विनोद गुप्ता, विपिन गुप्ता, राजेंद्र वर्मा, तालिब खान, और धीरज रस्तोगी शामिल थे।