सजायाफ्ता कैदी का शव नैनी जेल में पेड़ से लटकता मिलाराजेश सरकार | प्रयागराज

प्रयागराज के सेंट्रल जेल नैनी में हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी का शव पेड़ से लटकता मिला। मृतक की पहचान कौशांबी जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के बरुआ गांव निवासी उदयराज लोध के रूप में हुई है। शनिवार को उसने अपने भाई से मुलाकात की थी, जिसके बाद कैदियों की गिनती में वह गायब पाया गया। देर शाम दरी गोदाम के पास आम के पेड़ से उसका शव लटकता मिला।

जेल प्रशासन ने घटना को आत्महत्या बताया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वरिष्ठ अधीक्षक कारागार विजय विक्रम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में खुदकुशी की आशंका है। उनका कहना है कि शाम के वक्त कैदी नहाने या टहलने के लिए बाहर आते हैं, संभव है उसी दौरान उदयराज ने फांसी लगा ली हो।

उदयराज को 20 जुलाई 2024 को कौशांबी जेल से नैनी सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया था। उसके दोनों भाई भी इसी जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।