
जैदपुर, बाराबंकी।आम किसान से पद्मश्री बनने तक का सफर तय करने वाले रामसरन वर्मा के दौलतपुर स्थित हाईटेक फार्म हाउस पर इन दिनों गहमागहमी चरम पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे और ‘खेती की बात खेत पर’ कार्यक्रम को लेकर पद्मश्री बेहद उत्साहित हैं। उनके खेतों को दुरुस्त किया जा रहा है और तैयारी पूरे जोर-शोर से जारी है।
टमाटर और आलू की खेती में देशभर में नाम कमाने वाले रामसरन वर्मा अब उन्नत तकनीक से फल और सब्जियों की विविध खेती कर रहे हैं। उनके हाईटेक फार्म पर देश-विदेश के कृषि वैज्ञानिक, शोधकर्ता, किसान और प्रशिक्षु अक्सर आते रहते हैं। यहां पहले भी कई राज्यपालों और मंत्रियों के कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं, लेकिन 12 दिसंबर का दिन उनके लिए बेहद खास माना जा रहा है—क्योंकि पहली बार राज्य के मुखिया योगी आदित्यनाथ स्वयं उनकी खेती की तकनीक देखने पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री के संक्षिप्त कार्यक्रम में किसी भी उपलब्धि के छूटने की गुंजाइश न रहे, इसके लिए रामसरन वर्मा ने फार्म हाउस पर बड़े स्तर पर होर्डिंग, बैनर और कटआउट लगाए हैं। बुधवार को अयोध्या मंडल के कमिश्नर और आईजी ने जिला प्रशासन के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। वहीं, पद्मश्री के पुत्र राहुल वर्मा भी पूरी तन्मयता से तैयारी में लगे हैं। शाम को भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामबाबू द्विवेदी ने भी स्थल का निरीक्षण किया।
दौलतपुर गांव में प्रशासनिक अफसरों की चहलकदमी लगातार बढ़ रही है। सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम संचालन की रूपरेखा तय करने के लिए टीमें लगातार पहुंच रही हैं। पूरे गांव और फार्म हाउस में उत्साह का माहौल है।