
कासगंज। शहर के सोरों रोड स्थित मराठा होटल के संचालक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने होटल संचालक ओमकार सिंह को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। हालांकि, वह गोली लगने से बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
होटल संचालक ओमकार सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में प्रिंस ठाकुर नाम के युवक पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और होटल संचालक समेत आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।
मामले को लेकर इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र ने बताया कि एक युवक द्वारा होटल संचालक ओमकार सिंह पर गोली चलाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और प्राप्त शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।