जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ: हर जरूरतमंद की सेवा ही सरकार का लक्ष्य

लखनऊ, 15 दिसंबर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ‘जनता दर्शन’ के माध्यम से प्रदेशवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं के निराकरण की पहल निरंतर जारी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने सोमवार को भी जनता दर्शन किया और प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने सभी के प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त व समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दर्शन के दौरान पीएसी के एक सिपाही ने अपनी समस्या मुख्यमंत्री के समक्ष रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण के उचित निस्तारण के निर्देश दिए। शाहजहांपुर से आए किसान ने धान खरीद केंद्रों पर लापरवाही की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार अन्नदाता किसानों की समृद्धि के लिए लगातार कार्य कर रही है और किसी भी किसान को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने शाहजहांपुर के जिलाधिकारी को क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। प्रयागराज से आए फरियादियों की शिकायतों पर भी मुख्यमंत्री ने जिला व पुलिस प्रशासन को त्वरित निस्तारण के आदेश दिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर जरूरतमंद की सेवा ही सरकार का लक्ष्य है। सरकार प्रदेशवासियों की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साढ़े आठ वर्षों में जनता की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने जनता दर्शन में आए सभी लोगों को आश्वस्त किया कि हर समस्या का उचित निस्तारण कराया जाएगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अभिभावकों के साथ आए बच्चों से भी बातचीत की, उनके नाम पूछे, चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद भी दिया।