
कोसीकला। भाजपा और उसके अनुशासनिक संगठनों द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन बड़े ही हर्षोल्लास और आतिशबाजी के साथ सुषासन दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने अटल जी के प्रधानमंत्रित्व काल में की गई उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला और उन्हें महान देशभक्त और सच्चा राजनेता बताया।
पूर्व प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर मब्बसल पेच स्थित वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी कमल किशोर वार्ष्णेय के आवास पर उनके चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण किया गया। बैठक में कोसीकला मंडल संयोजक सौरभ जैन ने कहा कि पूर्व पीएम अटल बिहारी के सपनों को केंद्र और राज्य सरकार पूरी करने में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी महान देशभक्त थे।
पालिकाध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल ने कहा कि आदर्श राजनेता के रूप में अटल जी को हमेशा याद किया जाएगा और संसद में उनके आदर्श प्रस्तुतियों को भुलाया नहीं जा सकता। वहीं भाजपा ओबीसी मोर्चा ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष डॉ. अमर सिंह पौनिया ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने प्रधानमंत्रित्व काल में पोखरण में परमाणु परीक्षण कर भारत को परमाणु संपन्न राष्ट्रों में शामिल किया। कारगिल युद्ध में पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देकर उन्होंने अपने मजबूत नेतृत्व का प्रमाण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे, कमल किशोर वार्ष्णेय, मंडल संयोजक सौरभ जैन, वरिष्ठ नेता तरुण सेठ, दीपक बडगूजर, भागवत प्रसाद रोहिल्ला, अवधेश गुप्ता, हरेंद्र ठाकुरपिन्टू, बिहारी लाल, सुरेश शर्मा, सतवीर सांगवान, इन्द्रपाल धनगर सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।