
कासगंज। जनपद कासगंज के कासगंज–मथुरा रेल मार्ग पर हजारा नहर पुल के समीप रेलवे ट्रैक की पटरी टूट जाने से बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। गनीमत रही कि नियमित पेट्रोलिंग पर निकले रेलवे पेट्रोल मैन की नजर समय रहते टूटी पटरी पर पड़ गई। पेट्रोल मैन ने बताया कि मारहरा की ओर से एक मालगाड़ी गुजरने के तुरंत बाद उसे पटरी में फ्रैक्चर दिखाई दिया, जिसके बाद उसने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। एहतियातन मथुरा की ओर से आने-जाने वाली सभी ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया गया। कासगंज से रेलवे अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और रात में ही मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टूटी पटरी को दुरुस्त किया जा सका, जिसके बाद रेल यातायात बहाल किया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर इज्जतनगर मंडल से वरिष्ठ रेलवे अधिकारी भी कासगंज पहुंचे और मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राहत की सांस लेते हुए पेट्रोल मैन की सतर्कता की सराहना की, जिसके चलते एक बड़ा हादसा टल सका।