
कुशीनगर। जनपद कुशीनगर के विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोड़रिया गांव में पुरानी रंजिश के चलते दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दोस्ती को शर्मसार करते हुए एक युवक ने अपने ही दोस्त पर केमिकल अटैक कर दिया। इस हमले में युवक का चेहरा बुरी तरह झुलस गया है, वहीं दोनों आंखों की रोशनी जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने शराब पिलाने के बहाने अपने दोस्त को बुलाया और अन्य साथियों के साथ उसे अपने साथ ले गया। इसी दौरान सुनियोजित तरीके से युवक पर केमिकल फेंक दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घायल युवक को बाइक से कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद परिजनों ने गंभीर हालत में युवक को बरामद किया और तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुदही में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल मेडिकल कॉलेज में युवक का इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।