
लखीमपुर खीरी।जिला पंचायत सभागार, लखीमपुर खीरी में 11 जनवरी 2026 को विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र ‘टेनी’ रहे, जबकि संचालन संजय मिश्रा ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्याम प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पण के साथ हुआ। बैठक को संबोधित करते हुए अजय मिश्र ‘टेनी’ ने कहा कि 6 जनवरी को उत्तर प्रदेश में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम पूर्ण कर मतदाता सूची जारी कर दी गई है। अब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि जिन मतदाताओं के नाम किसी कारणवश सूची में छूट गए हैं, नए मतदाता बनने हैं या गलत तरीके से जुड़े नामों को हटाना है, उन सभी त्रुटियों का 31 जनवरी तक सुधार कराया जाए।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम संशोधन करने और अपात्र मतदाताओं के नाम निरस्त कराने के लिए अलग-अलग फार्म निर्धारित हैं। कार्यकर्ता जारी मतदाता सूची का अवलोकन कर निर्धारित फार्म भरकर त्रुटियों का सुधार करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह बैठक इसलिए आवश्यक है क्योंकि लखीमपुर में मतदाताओं की संख्या में कमी आई है, जो पार्टी के लिए चिंता का विषय है, और इसकी गहन समीक्षा जरूरी है।
अजय मिश्र ‘टेनी’ ने कहा कि एसआईआर कोई नया कार्य नहीं है, यह प्रक्रिया पहले भी होती रही है, लेकिन अब इसे लेकर अनावश्यक राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है। भाजपा सरकार संविधान सम्मत कार्य कर रही है और मतदाता सूची का उद्देश्य केवल यह सुनिश्चित करना है कि सही और पात्र मतदाता ही सूची में शामिल रहें। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने कोई नया सिद्धांत नहीं गढ़ा, बल्कि उसी विचारधारा के अनुरूप कार्य कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम देश पिछले 11 वर्षों से देख रहा है।
बैठक में पवन गुप्ता ब्लॉक प्रमुख नकहा, कुलभूषण सिंह जिला उपाध्यक्ष भाजपा, विश्वनाथ सिंह प्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख फूलबेहड़, अरविंद गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मोंटी पाल, सभासद राकेश मिश्रा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख आशुतोष वर्मा, मनोज वर्मा पूर्व मंत्री भाजपा, पूर्व सांसद प्रतिनिधि अरविंद सिंह ‘संजय’, जितेंद्र त्रिपाठी ‘जीतू’ एडवोकेट, संजय मिश्रा, मुन्ना लाल अवस्थी, अम्बरीष सिंह, आर.पी. कटियार, सतीश श्रीवास्तव, विपिन मिश्रा, अनुज शुक्ला ‘बीटू’, प्रदीप शुक्ला, पन्ना लाल अग्रवाल, डॉ. बबलू गुप्ता, अशोक जायसवाल, संजय गिरि, सतीश चौधरी, वीरपाल मिश्रा, राहुल चौरसिया, सूरज पाण्डेय, भैया लाल तिवारी, अरुण कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।