
किरावली।फतेहपुर सीकरी से भाजपा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर केंद्र सरकार के निर्देश पर देश के विभिन्न राज्यों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरे का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना और ग्रामीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इसी क्रम में मंगलवार को सांसद राजकुमार चाहर ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘विकसित भारत @ जी रामजी योजना’ पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह योजना मनरेगा में लंबे समय से चले आ रहे भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से लाई गई है और इसमें पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।
सांसद चाहर ने कहा कि जहां मनरेगा योजना के तहत केवल 100 दिनों के रोजगार की गारंटी थी, वहीं जी रामजी योजना में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जा रही है। इससे ग्रामीण श्रमिकों को अधिक अवसर मिलेंगे और गांवों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।
उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जी रामजी योजना को लेकर विपक्ष भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। कांग्रेस की राजनीति अब दिशाहीन हो चुकी है, इसलिए ‘मनरेगा बचाओ’ का नारा देने के बजाय उन्हें ‘कांग्रेस बचाओ’ अभियान चलाना चाहिए। चाहर ने कहा कि केंद्र सरकार का फोकस राजनीति नहीं, बल्कि देश और गांवों का विकास है।
राजकुमार चाहर ने जोर देते हुए कहा कि “जब गांव विकसित होंगे, तभी देश विकसित होगा”। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया। बताया कि जी रामजी योजना के माध्यम से न सिर्फ रोजगार की गारंटी मिलेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें, पुलिया, पुल, स्कूल भवन जैसे बुनियादी ढांचे के विकास कार्य भी तेजी से पूरे किए जाएंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में आने वाले समय में ग्रामीण भारत की तस्वीर पूरी तरह बदली हुई नजर आएगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले सांसद चाहर पश्चिम बंगाल और हरियाणा का भी दौरा कर चुके हैं, जहां उन्होंने इसी प्रकार केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर जनजागरण किया था।