विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटा कासगंज प्रशासन, डीएम-एसपी ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिए निर्देश

संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की स्थिति पर रखें नजर, सभी बूथों का भौतिक सत्यापन कर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

कासगंज। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन की पूर्व तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में नवीन पुलिस लाइन सभागार में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सेक्टर मजिस्ट्रेटों और पुलिस सेक्टर प्रभारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

कार्यशाला में जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कहा कि निर्वाचन कार्य में लगाए गए सभी अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन और दिशा-निर्देशों की पूरी जानकारी रखें। अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों के मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों का नियमित एवं गंभीरता से भौतिक सत्यापन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं (एएमएफ) की उपलब्धता सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

डीएम ने मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति का निरीक्षण करने के साथ ही विद्युत व्यवस्था, पेयजल, पुरुष एवं महिला शौचालय, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप, पर्याप्त फर्नीचर और मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता की जांच करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग सहित निर्वाचन से जुड़ी अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी पहले से परीक्षण करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर उसे निर्धारित प्रारूप में दर्ज करें और संबंधित विभागों के माध्यम से उसका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराएं। निर्वाचन के अंतिम समय में व्यवस्थाओं को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं।

संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी

पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि निर्वाचन की दृष्टि से संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों को पहले से चिन्हित कर उनकी मौजूदा स्थिति की पूरी जानकारी रखें। ऐसे क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था से संबंधित परिस्थितियों, स्थानीय समस्याओं और संभावित चुनौतियों पर विशेष नजर रखना जरूरी है।

उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों और पुलिस सेक्टर प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त रूप से मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कहा कि अधिकारी केवल कागजी निरीक्षण तक सीमित न रहें, बल्कि संबंधित क्षेत्रों में जाकर स्थानीय लोगों से संवाद करें और क्षेत्र की वास्तविक स्थिति, समस्याओं तथा संवेदनशीलता से जुड़े पहलुओं की जानकारी प्राप्त करें।

एसपी ने कहा कि निर्वाचन को भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जानी चाहिए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल से ही निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।

स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना प्रशासन की प्राथमिकता

जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित निर्वाचन संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से समझें और निर्वाचन संबंधी तैयारियों को समय से पूरा करें। उन्होंने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस सेक्टर प्रभारी अपने आवंटित क्षेत्रों की पूरी जानकारी रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

कार्यशाला में निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं, मतदान केंद्रों के निरीक्षण, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारियों के अलावा सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस सेक्टर प्रभारी और संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।