झपकी लगने से एक्सप्रेसवे पर कार पलटी, चालक व पत्नी घायल

फतेहाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे चालक और उसकी पत्नी घायल हो गए। हादसे की सूचना पर यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य करते हुए घायलों को सहायता उपलब्ध कराई।
शनिवार रात करीब 11:30 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 24:500 पर आगरा से लखनऊ की ओर जा रही कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार चालक विजय पाल विश्वकर्मा पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी ग्राम औरामा, थाना डमरूआ, जिला सिद्धार्थनगर थे। कार में उनके साथ पत्नी ममता और चार वर्षीय पुत्र आदिविक भी सवार थे।
बताया गया कि चालक को अचानक झपकी आ जाने के कारण कार अनियंत्रित होकर मध्य डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि चालक विजय पाल विश्वकर्मा और उनकी पत्नी ममता घायल हो गए। कार में सवार चार वर्षीय पुत्र आदिविक सुरक्षित रहा।
सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राधामोहन द्विवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन को सीधा कर यातायात सुचारु कराया और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। एक्सप्रेसवे प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त विश्राम लेकर ही वाहन चलाएं, जिससे इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।