
रामनगर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुए एक भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम कस्बा रामनगर के मोहल्ला धमेड़ी निवासी 25 वर्षीय गौरी शंकर यादव पुत्र सहज राम यादव किसी निजी कार्य से मरकामऊ की ओर बाइक से जा रहे थे। जब वह ग्राम नथना पुल के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गौरी शंकर बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक लिखापढ़ी पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना कारित करने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।