
लखनऊ। होली के त्योहार पर शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों ने त्योहार के बाद गुरुवार को धूमधाम से होली का जश्न मनाया। राजधानी के हजरतगंज क्षेत्र में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिसकर्मी पारंपरिक परिधान में नजर आए। कई पुलिस अधिकारी और जवान सफेद कुर्ता-पजामा और रंग-बिरंगी पगड़ी पहनकर उत्सव में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान ढोल-नगाड़ों की धुन पर पुलिसकर्मियों ने जमकर होली खेली और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
होली मिलन कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग की ओर से शोभायात्रा भी निकाली जा रही है। यह शोभायात्रा हजरतगंज से निकलकर रिजर्व पुलिस लाइन तक जाएगी। रास्ते में पुलिसकर्मी ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते आगे बढ़ते हुए होली की खुशियां मनाते दिखाई दिए।
बताया जा रहा है कि रिजर्व पुलिस लाइन में भी पुलिसकर्मियों के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जहां धूमधाम से होली मनाई जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने इस मौके पर कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिसकर्मी दिन-रात ड्यूटी पर रहते हैं ताकि आम जनता सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सके। ऐसे में त्योहार के बाद आपसी भाईचारे के साथ होली मिलन का आयोजन पुलिस परिवार के बीच आपसी सौहार्द और मनोबल को मजबूत करने का काम करता है।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इसी तरह आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस हमेशा तत्पर रहेगी।