कैंटर खड़ी करने के विवाद में दो पक्षों में संघर्ष, आठ घायल; अलग घटना में एक और घायल

फतेहाबाद।थाना क्षेत्र के गांव अहीरपुरा नगरचंद में गुरुवार सुबह कैंटर गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और पथराव हुआ, जिसमें आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। वहीं एक अन्य मारपीट की घटना में भी एक व्यक्ति घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार अहीरपुरा नगरचंद गांव में गुरुवार सुबह करीब दस बजे संतोष पुत्र दर्शन लाल की कैंटर गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा करने को लेकर सुरेश पुत्र मातादीन पक्ष से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों के साथ पथराव शुरू हो गया।
इस घटना में संतोष, उसके भाई महावीर, शिशुपाल, अशोक तथा रामनिवास पुत्र तुकमान सिंह घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से सुरेश, उसका बेटा छोटा और राहुल पुत्र बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर तरुण धीमान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भिजवाया।
संतोष पक्ष का आरोप है कि बुधवार शाम सुरेश पक्ष द्वारा उनकी कैंटर गाड़ी में टक्कर मार दी गई थी। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और गुरुवार को मारपीट की घटना हो गई।
वहीं दूसरी घटना गांव गुवरौठ फतेहाबाद में सामने आई, जहां पुरानी रंजिश के चलते बुधवार शाम पड़ोसी आकाश पुत्र अर्जुन पक्ष ने प्रमोद पुत्र पूरन लाल की मारपीट कर दी। इस घटना में प्रमोद घायल हो गया, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।