बाराबंकी में 20 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या, बहन की शादी से पहले मातम; खेत में मिला खून से लथपथ शव

बाराबंकी। घुघटेर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक 20 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। युवक का शव गांव के बाहर खेत में खून से लथपथ हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मिथुन रावत (20) पुत्र छविनाथ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक की बहन की शादी 12 मार्च को होनी थी, लेकिन उससे पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार शाम मिथुन घर पर था, तभी उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। फोन आने के बाद वह गांव के बाहर जाने की बात कहकर घर से निकल गया। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई, लेकिन शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर खेत में उसका क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने मिथुन के गर्दन, सीने और हाथ पर कई वार किए थे। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक विशेष समुदाय के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसे इस हत्या की मुख्य वजह बताया जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। वहीं गांव के एक चश्मदीद ने बताया कि उसने शुक्रवार शाम को मिथुन को गांव के बाहर जाते देखा था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों के बीच हत्या के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।