
कोसीकलां। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत कोसीकलां मंडल का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग रविवार को सरस्वती विद्या मंदिर माभई में संपन्न हो गया।
प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन चार सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में मुख्य वक्ता आकाश चौधरी ने कहा कि बूथ प्रबंधन में सामाजिक समरसता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बूथ प्रबंधन इस प्रकार किया जाए जिसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो। पन्ना प्रमुख और बूथ प्रमुख की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर इन दोनों पदों पर सक्रिय कार्यकर्ताओं का चयन होना चाहिए।
दूसरे सत्र में सेलू चौधरी ने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया का महत्व लगातार बढ़ रहा है, इसलिए पार्टी का मीडिया सेल मजबूत होना चाहिए और प्रत्येक कार्यकर्ता को सोशल मीडिया पर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
तीसरे सत्र में जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे ने ऐतिहासिक धरोहरों और सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रत्येक कार्यकर्ता का लक्ष्य होना चाहिए।
चौथे और अंतिम सत्र में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। साथ ही संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और जनसेवा की भावना पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया।
दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क, संगठनात्मक अनुशासन और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही एकात्म मानववाद, अंत्योदय की अवधारणा और सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।
मंडल अध्यक्ष सौरभ जैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचार आधारित संगठन है और उसके समर्पित कार्यकर्ता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सेवा का संदेश पहुंचाने की प्रेरणा देते हैं। प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की नीति, सिद्धांत और कार्यशैली को समझने का अवसर मिला, जिससे संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे, भाजपा अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष सतीश वाल्मीकि, वरिष्ठ भाजपा नेता तरुण सेठ, कोसी मंडल संयोजक सौरभ जैन, सतवीर सांगवान, सीमा रानी सेठ, श्वेता जैन, दीपक बडगूजर, वीरेंद्र कटरा, पूर्व मंडल अध्यक्ष हुकुम चंद अग्रवाल, पूर्व मंडल महामंत्री इंद्रपाल धनगर, कन्हैया लाल गोयल, पूर्व सभासद सेलू जायसवाल, चरण सिंह फॉलन, डॉ. पवन शर्मा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।